उज्जैन। शहर के रामघाट पर एक बड़ा हादसा होते होते टल गया, यहां रविवार सुबह स्नान के दौरान डूब रहीं दो महिलाओं को मौके पर तैनात होमगार्ड जवान ने अपनी सूझबूझ और बहादुरी से बचा लिया। यह घटना न सिर्फ इंसानियत का उदाहरण है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था की गंभीरता को भी दर्शाती है।
आंध्रप्रदेश से आई थी श्रद्धालु महिला..होमगार्ड जवान को मिलेगा नगद पुरस्कार…
दरअसल रविवार सुबह आंध्रप्रदेश से आई 45 वर्षीय महिला श्रद्धालु लक्ष्मी कुमारी रामघाट पर स्नान कर रही थीं। अचानक वह गहराई में चली गईं और डूबने लगीं। उन्हें बचाने के प्रयास में उनकी बेटी भी डूबने लगी। इस दौरान घाट पर ड्यूटी कर रहे होमगार्ड जवान सुनील सिंह ने स्थिति को भांपते हुए सतर्कता दिखाई और बिना देर किए रस्सी की मदद से दोनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की जानकारी देते हुए जिला कमांडेंट संतोष जाट ने बताया वर्तमान में क्षिप्रा नदी के जल स्तर एवं मानसून को दृष्टिगत रखते हुए रामघाट पर पूर्व से तैनात जवानों के साथ-साथ डीजी एवं डिवीजन रिजर्व के 20 अतिरिक्त जवानों की तैनाती भी रामघाट पर की गई है। जवान के द्वारा किए गए इस सराहनीय कार्य के लिए नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा।


