सिंगरौली। सिंगरोली जिले में ब्राह्मणों पर बढ़ते अपराधों को लेकर समाज ने मोर्चा खोल दिया और कड़ी कार्रवाई को लेकर आज अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद ने प्रधानमंत्री के नाम कलेक्टर प्रतिनिधि को एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन के माध्यम से ब्राम्हण समाज ने मऊगंज में हुई हत्याओं पर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। साथ ही ब्राह्मणों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जाहिर की है।
video…
यहाँ आपको बता दें कि ब्राह्मण समाज ने यह ज्ञापन जिला अध्यक्ष आनंद चतुर्वेदी के नेतृत्व में सौंपा है। इस मौके पर ब्राह्मण नेता रूपेश चंद्र पांडे, प्रवीण शुक्ला, जीतेंद्र द्विवेदी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर समाज जनों ने कहा कि प्रदेश में ब्राह्मणों के ऊपर लगातार हमले हो रहे हैं और न तो भाजपा और न ही किसी अन्य दल ने ब्राह्मणों की सुरक्षा की बात की है। ताजा मामला मऊगंज का है, जहां शनि द्विवेदी के साथ एक एएसआई की भी आदिवासियों द्वारा हत्या की गई। इसके पहले जबलपुर में भी ब्राह्मणों की नृशंस हत्या की गई थी, लेकिन फिर भी प्रदेश सरकार ब्राह्मणों की सुरक्षा नहीं कर पा रही है। इसके साथ ही उन्होंने ज्ञापन में कहा कि मऊगंज की घटना में कई सरकारी कर्मचारी भी पीड़ित हुए। कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन कई आरोपी अब भी फरार हैं। इस घटना के मास्टरमाइंड के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई और आरोपियों के घरों पर बुलडोजर नहीं चलवाया गया। जिसको लेकर ब्राह्मण समाज ने सरकार से यह मांग की कि आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाया जाए और मऊगंज की घटना में शहीद हुए शनि द्विवेदी के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा और एक सरकारी नौकरी दी जाए। यदि इन मांगों को पूरा नहीं किया जाता है, तो ब्राह्मण समाज पूरे प्रदेश में जोरदार आंदोलन करेगा और तब तक आंदोलन करेगा, जब तक ब्राह्मणों की इस तरह की कायराना हत्या रुक नहीं जाती।
सिंगरौली से शिवेंद्र धर द्विवेदी की खबर…


