सीधी: सीधी में भारतीय जनता पार्टी की महत्वपूर्ण जिला स्तरीय कामकाजी बैठक पार्टी कार्यालय में भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई, जिसमें सीधी विधायक रीती पाठक की विशिष्ट उपस्थिति रही। इस बैठक में आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत कार्य योजना बनाई गई।
भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को महाशक्ति बनाने के कार्य में जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि आगामी 6 अप्रैल को पार्टी का स्थापना दिवस हर बूथ पर हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस दिन बूथ स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों पर व्याख्यान होंगे। 7 से 13 अप्रैल तक आयोजित “गांव और बस्ती चलो अभियान” की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत स्वच्छता अभियान, लाभार्थियों से संपर्क, जल स्रोतों की सफाई और अन्य कई सामाजिक कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा, 14 अप्रैल को संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती को भी भव्य रूप से मनाने की योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि इस दिन महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई, दीपोत्सव, संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक बाचन और अनुसूचित जाति बस्तियों में स्वच्छता कार्य किए जाएंगे। इस बैठक में विधायक रीती पाठक ने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम में कार्य समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति अनिवार्य होनी चाहिए। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे निष्ठा और उत्साह के साथ पार्टी के कार्यक्रमों को भव्यता और हर्षोल्लास के साथ संपादित करें। वहीं भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष और प्रदेश कार्य समिति के सदस्य इंद्र शरण सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 1980 में 11 लोगों द्वारा शुरू की गई पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी और सबसे लोकप्रिय पार्टी बन चुकी है।

