सेगांव। दशोरा नागर समाज ने अपने आराध्यदेव भगवान हटकेश्वर की जयंती पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई। जहां धार्मिक अनुष्ठान से लेकर शोभायात्रा, भंडारे तक हर आयोजन में समाजजनों की आस्था और एकता की झलक देखने को मिली।
दशोरा नागर समाज ने भव्य शोभायात्रा निकाली..बड़ी संख्या में समाज जन शोभायात्रा में हुए शामिल…
दरअसल शुक्रवार को दशोरा नागर समाज के आराध्य भगवान हटकेश्वर की जयंती समाजजनों द्वारा पूरे श्रद्धाभाव के साथ मनाई गई। सुबह समाज की धर्मशाला में पंडित माधव दुबे के सानिध्य में भगवान का अभिषेक, पूजन व हवन संपन्न हुआ। इसके बाद महाआरती कर प्रसादी का वितरण किया गया। वहीं शाम को ढोल-ताशों की गूंज और जयकारों के बीच भगवान हटकेश्वर की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बग्घी में भगवान की प्रतिमा विराजित थी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः धर्मशाला पहुंची। इस आयोजन में समाज के अध्यक्ष दिनेश बाबा, महिला मंडल की अध्यक्षा ज्योति विजय गुप्ता और युवा संगठन अध्यक्ष राहुल गुप्ता की उपस्थिति रही। इसके साथ ही शोभायात्रा में महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठों ने मिलकर पूरे उल्लास से भाग लिया। इस दौरान यात्रा मार्ग में जगह-जगह जयकारे गूंजते रहे और महिलाएं-युवक ढोल-ताशों की ताल पर थिरकते नजर आए। आयोजन के समापन पर धर्मशाला में भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजनों ने प्रसाद ग्रहण किया।
सेगांव से संजय जायसवाल की रिपोर्ट…


