राजगढ़। राजगढ़ जिले में भोपाल लोकायुक्त की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मत्स्य महासंघ के एक आउटसोर्स कर्मचारी को एक लाख की रिश्वत लेते पकड़ा है। यह कार्रवाई इंदौर के मछली ठेकेदार अनवर कादरी की शिकायत पर की गई।
लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई ..मत्स्य महासंघ अधिकारी पर गंभीर आरोप..
राजगढ़ जिले में लोकायुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने मत्स्य महासंघ के एक आउटसोर्स कर्मचारी मुबारिक गौरी को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, इंदौर के एक मछली ठेकेदार अनवर कादरी ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें राजगढ़ के कुंडलिया डैम में नवंबर 2024 में 7 सालों के लिए मछली पालन का ठेका मिला था, लेकिन राजगढ़ जिला मत्स्य महासंघ की अधिकारी सुरेखा सराफ इसके लिए हर महीने 3 लाख रुपये की रिश्वत मांग रही थीं और न देने पर काम में रुकावट डालने और झूठे आरोप लगाकर टेंडर रद्द करने की धमकी दी है। इसके बाद कादरी ने इसकी शिकायत भोपाल लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक दुर्गेश राठौर से की। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त की टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई और निरीक्षक रजनी तिवारी के नेतृत्व में टीम राजगढ़ पहुंची। टीम ने जाल बिछाकर आरोपी मुबारिक गौरी को 1 लाख की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
राजगढ़ से भगवान सिंह अहिरवार की रिपोर्ट


